संगड़ाह में नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
संगड़ाह में नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन


नाहन, 25 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी और छात्र संगठन एन एस यू आई द्वारा संगड़ाह में विरोध प्रदर्शन किया गया। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के संगड़ाह लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह से मुख्य बाजार तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और एन एस यू आई कार्यकर्ताओं ने विरोध रैली निकाली।

विरोध प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं श्री रेणुका जी के विधायक विनय कुमार के पुत्र आर्य कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस कमेटी श्री रेणुका जी मंडल के अध्यक्ष तपेंद्र सिंह ठाकुर सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आर्य कुमार ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों और उनके भविष्य की लड़ाई को मजबूती से लड़ती रहेगी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं से देश के लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story