शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्य प्रगति परः हर्षवर्धन चौहान

WhatsApp Channel Join Now
शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्य प्रगति परः हर्षवर्धन चौहान


नाहन, 23 नवंबर (हि.स.)। उद्योग, संसदीय मामले तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुखता से कार्य कर रही है ताकि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। हर्षवर्धन चौहान आज यहां शिलाई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांदनी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।इससे पहले श्रम एवं रोजगार मंत्री ने 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की आधारशिला रखी।

उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार एक विस्तृत कार्य योजना अपनाकर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर सुविधाओं, पर्याप्त स्टाफ और उन्नत नैदानिक सेवाओं से सुसज्जित किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांदनी के इस नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांदनी के भवन को 6 माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिलाई अस्पताल में छः विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए गए हैं जिससे कि अब शिलाई वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि 24 करोड़ रुपये की लागत से मानल से कोडगा सकोली सड़क तथा 50 लाख रुपये की लागत से सत्तोन से चांदनी सड़क को पक्का किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा विभाग में लगभग 90 प्रतिशत पद भरे जा चुके हैं तथा शेष पदों को शीघ्र भरने का आश्वासन दिया।

हर्षवर्धन चौहान ने चांदनी के सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story