शिलाई में 19 करोड़ की लागत से बन रहा 100 बिस्तरों वाला नागरिक अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 20 सितंबर (हि.स.)। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रविवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान उत्तरी गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य उपकेंद्र की बधाई देते हुए कहा कि इसके शुरू होने से आसपास की पंचायतों के लोगों को घर-द्वार के समीप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर ढांचागत सुविधाओं और आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 1.25 करोड़ रुपये की लागत से पीएचसी कमरऊ, 1.37 करोड़ रुपये की लागत से पीएचसी सतौन, 55 लाख रुपये की लागत से पीएचसी चांदनी और 56 लाख रुपये की लागत से पीएचसी कोटा पाब के भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन भवनों में चिकित्सकों के रहने की व्यवस्था भी की जा रही है। हाल ही में 1.27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांटी मशवा का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया गया है।

चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे का व्यापक विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिससे ग्रामीण लोगों को अपने आसपास ही उपचार की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने बताया कि शिलाई में 19 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। भवन का निर्माण पूरा होने के बाद इसे शीघ्र जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल शिलाई क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन करीब 350 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story