शिलाई के कांटी मशवा में 1.27 करोड़ रुपये से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, तीन पंचायतों को मिलेगा लाभ
नाहन, 05 अगस्त (हि.स.)। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम-रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान कांटी मशवा में 1.27 करोड़ रुपये की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। मंत्री ने क्षेत्रवासियों को नए स्वास्थ्य केंद्र की बधाई देते हुए कहा कि इससे आसपास की तीन पंचायतों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल नए भवन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य संस्थानों में जरूरी स्टाफ की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, इसी दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में पीएचसी कमरऊ, पीएचसी सतौन, पीएचसी चांदनी और पीएचसी कोटा पाब के नए भवनों का निर्माण भी चल रहा है। इन भवनों में डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे दूरदराज क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता बेहतर होगी और लोगों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
उद्योग मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और फार्मासिस्ट उपलब्ध हैं और लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

