शिमला समर फेस्टिवल में गूंजी महानाटी, सैंकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नशे और महिला हिंसा के खिलाफ लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
शिमला समर फेस्टिवल में गूंजी महानाटी, सैंकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नशे और महिला हिंसा के खिलाफ लिया संकल्प


शिमला, 09 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल के दूसरे दिन मंगलवार को ऐतिहासिक मॉल रोड पर हिमाचली संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का अनोखा संगम देखने को मिला। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित महानाटी में 320 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और नशे तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के खिलाफ एकजुट होकर संदेश दिया।

रंग-बिरंगे पारंपरिक हिमाचली परिधानों में सजी महिलाओं ने महानाटी प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस बार महानाटी को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया।

कार्यक्रम की थीम ‘एमएए’ (MAA) रखी गई, जिसका अर्थ ‘मदर्स अगेंस्ट एब्यूज’ और ‘मदर्स अगेंस्ट एडिक्शन’ था।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित महिलाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने परिवारों और समाज को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता फैलाएंगी। साथ ही महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हिंसा, भेदभाव और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का भी प्रण लिया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल शर्मा ने कहा कि महानाटी के माध्यम से इस बार एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाली हिंसा को रोकने तथा समाज में समानता और सम्मान का वातावरण बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि माताएं और महिलाएं इस लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उनके अनुसार जब महिलाएं किसी सामाजिक मुद्दे पर आगे आती हैं तो समाज में सकारात्मक बदलाव की संभावना बढ़ जाती है।

कार्यक्रम में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा, रेश्टा और धाटू पहनकर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया। करीब 320 महिलाओं ने एक साथ महानाटी में भाग लेकर न केवल हिमाचली लोक संस्कृति की झलक पेश की, बल्कि नशा मुक्त और हिंसा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story