शिमला में स्वच्छता अभियान, रिज से जाखू मंदिर तक 110 किलो प्लास्टिक कचरा निकाला
शिमला, 03 अक्टूबर (हि.स.)। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सम्मान में चलाए गए स्वच्छता अभियान में शनिवार को शिमला के रिज मैदान से जाखू हनुमान मंदिर तक करीब 110 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया। “मेरा भारत - मेरी जिम्मेदारी” पहल के तहत आयोजित इस अभियान में मेरा युवा भारत, शिमला और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वयंसेवकों के साथ निफा एनजीओ शिमला के सदस्यों ने भाग लिया।
स्वयंसेवकों ने रिज मैदान से जाखू हनुमान मंदिर तक पूरे मार्ग के दोनों ओर सफाई की। इसके साथ ही जाखू मंदिर परिसर में भी सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एकत्रित करीब 110 किलोग्राम प्लास्टिक कचरे में मुख्य रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री शामिल थी।
मेरा युवा भारत, शिमला के उप निदेशक विपिन कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जानकारी दी गई और इसके इस्तेमाल में कमी लाने का संदेश दिया गया। आयोजकों के अनुसार शिमला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अभियान में शामिल प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों के माध्यम से स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

