शिमला में बंदर ले उड़ा 81,800 रुपये, पेड़ पर बैठकर उड़ाए नोट

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। बैंक में जमा करवाने के लिए जेब में रखे 81,800 रुपये अचानक एक बंदर के हाथ लग गए। व्यक्ति कुछ समझ पाता, इससे पहले बंदर नकदी का पैकेट लेकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद पेड़ पर बैठकर वह एक-एक करके नोट नीचे फेंकने लगा। शिमला के डीसी ऑफिस परिसर में वीरवार को हुई इस घटना को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कुछ ही देर में सरकारी कार्यालय परिसर में नोट बिखर गए और लोग उन्हें समेटने में जुट गए।

जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहा था। इसी दौरान एक बंदर उसकी जेब से 81,800 रुपये का पैकेट छीनकर पेड़ पर चढ़ गया। बंदर ने पैकेट से नोट निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए। व्यक्ति की परेशानी देखकर कार्यालय परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने मदद की। सभी पेड़ के नीचे बिखरे नोट इकट्ठा करने लगे। काफी मशक्कत के बाद अधिकांश नकदी वापस मिल गई, लेकिन करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

शिमला में बंदरों द्वारा लोगों के सामान और नकदी छीनने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। शहर के सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर बंदरों की मौजूदगी आम है। कई बार ये लोगों के हाथ से खाने-पीने की चीजें और सामान छीन लेते हैं। डीसी ऑफिस जैसी व्यस्त जगह पर नकदी छीनने की इस घटना ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

बंदरों के हमलों से पहले भी जा चुकी हैं जानें

शिमला शहर के कई इलाकों में बंदरों का आतंक लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कुछ वर्ष पहले बंदरों के हमलों से बचने के प्रयास में बहुमंजिला भवनों से गिरने के कारण कुछ महिलाओं की मौत की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। बंदरों के अचानक हमला करने या पीछे पड़ने से लोग घबरा जाते हैं। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इनके बीच से गुजरते समय सावधानी बरतनी पड़ती है।

शहर के ऐतिहासिक जाखू मंदिर परिसर में बंदरों का सबसे अधिक आतंक रहता है। यहां आने वाले स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। बंदर खाने-पीने की वस्तुएं और हाथों में पकड़ा सामान छीनने के लिए लोगों पर झपटते हैं। कई पर्यटक बंदरों के डर से मंदिर परिसर में असहज महसूस करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story