शिमला में 10 राज्यों के उत्पादों की प्रदर्शनी, 28 नवंबर तक खरीदारी का मौका

WhatsApp Channel Join Now
शिमला में 10 राज्यों के उत्पादों की प्रदर्शनी, 28 नवंबर तक खरीदारी का मौका


शिमला, 19 नवंबर (हि.स.)। राजधानी शिमला के रिज मैदान में ग्रामीण कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद बेचने के लिए एक साझा मंच मिला है। यहां दस दिवसीय ग्रामीण भारत महोत्सव शुरू हो गया है। 28 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में हिमाचल प्रदेश सहित 10 राज्यों के कारीगरों, बुनकरों और उत्पादक समूहों ने 40 स्टॉल लगाए हैं। इनमें पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद और जीआई टैग वाले सामान प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के हिमाचल प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ वीरवार को नाबार्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया ने किया। महोत्सव में ग्रामीण क्षेत्रों के कारीगरों, बुनकरों, स्वयं सहायता समूहों, संयुक्त देयता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और गैर-कृषि उत्पादक संगठनों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर दिया गया है।

डॉ. विवेक पठानिया ने कहा कि ग्रामीण भारत महोत्सव से ग्रामीण उत्पादकों को अपने सामान की सीधे बिक्री करने का मौका मिलता है। इससे उन्हें बेहतर दाम मिल सकते हैं और ग्राहकों से बातचीत के माध्यम से बाजार की मांग को समझने में मदद मिलती है। अलग-अलग राज्यों से आए कारीगरों और उत्पादकों को एक-दूसरे के काम करने के तरीकों को जानने और भविष्य में व्यावसायिक संबंध बनाने का अवसर भी मिलता है।

महोत्सव में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब के उत्पादक समूह अपने पारंपरिक और जीआई टैग वाले उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। अलग-अलग राज्यों के उत्पादों की मौजूदगी से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न क्षेत्रों की हस्तकला और ग्रामीण उत्पाद देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।

इस आयोजन में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पादों के लिए 14 स्टॉल लगाए गए हैं। इस तरह कुल 40 स्टॉलों में से 14 स्टॉल प्रदेश के उत्पादकों के हैं। ग्रामीण भारत महोत्सव 28 नवंबर तक रिज मैदान पर चलेगा। इस दौरान स्थानीय लोगों और शिमला आने वाले पर्यटकों को विभिन्न राज्यों के ग्रामीण उत्पादों को देखने और सीधे उत्पादकों से खरीदारी करने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story