शराब के नशे में धुत बाइक सवारों की गुंडागर्दी, रास्ता रोककर दी जान से मारने की धमकी

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 06 जुलाई (हि.स.)। नाहन के दोसड़का के समीप नाहन-शिमला रोड पर हुड़दंगियों द्वारा सरेआम गुंडागर्दी और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में कच्चा टैंक नाहन निवासी सार्थक वर्मा पुत्र तिजेन्द्र सिंह ने बताया कि बीते 5 जुलाई की शाम को वह अपने दोस्तों शिवांकर चौहान, गौरव पुंडीर और अहमद नारू के साथ नाहन-शिमला रोड पर घूमने गया था। शाम के समय जब वे सभी दोसड़का के पास स्थित ह्यूमैनिटी कैफे के समीप पैराफिट पर बैठे हुए थे, तभी वहां कुछ लड़के मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए, जो शराब के नशे में धुत थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार उन लड़कों में से एक लड़के की सार्थक के दोस्त शिवांकर चौहान के साथ किसी बात को लेकर बहसबाजी हो गई। इसके बाद आरोपी ऋषभ शर्मा और अभय पुंडीर ने उन्हें वहां से जाने से रोक दिया। आरोपियों ने उनका रास्ता ब्लॉक कर दिया और सार्थक व उसके दोस्त अहमद नारू के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकियां देने लगे।

सार्थक वर्मा ने बताया कि जब उन्होंने वहां से सुरक्षित निकलने की कोशिश की, तो आरोपी ऋषभ शर्मा और अभय पुंडीर ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले और मारपीट के कारण पीड़ित सार्थक को शरीर पर चोटें आई हैं। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने पुलिस थाना नाहन पहुंचकर आपबीती सुनाई और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करवाई।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सार्थक वर्मा की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रास्ता रोकने, गाली-गलौज करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story