विदेश मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति में प्रो. सिकंदर कुमार शामिल, केंद्र सरकार ने किया मनोनयन

WhatsApp Channel Join Now
विदेश मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति में प्रो. सिकंदर कुमार शामिल, केंद्र सरकार ने किया मनोनयन


शिमला, 22 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद और शिक्षाविद् प्रोफेसर सिकंदर कुमार को केंद्र सरकार ने विदेश मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया है। उनके लंबे प्रशासनिक और शैक्षणिक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि इस भूमिका में वह मंत्रालय के कामकाज में हिंदी के उपयोग को बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान देंगे।

प्रोफेसर सिकंदर कुमार इससे पहले हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं और एक अर्थशास्त्री व लेखक के रूप में भी उनकी पहचान रही है। उनके अनुभव को ध्यान में रखते हुए विदेश मंत्रालय ने उन्हें इस समिति में शामिल किया है। यह समिति मंत्रालय में राजभाषा के उपयोग को प्रभावी बनाने और हिंदी को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने के लिए काम करती है।

इस मनोनयन पर प्रो. सिकंदर कुमार ने केंद्र सरकार और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और हिंदी भाषा की गरिमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर और मजबूत करने का प्रयास करेंगे।

उनके इस मनोनयन पर हिमाचल प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं और कई लोगों ने खुशी जताई है। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि प्रो. कुमार के अनुभव से विदेश मंत्रालय के कामकाज में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और कूटनीतिक स्तर पर भी हिंदी को नई पहचान मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story