राष्ट्रीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप के लिए हिमाचल की टीम बेंगलुरु रवाना
मंडी, 27 दिसंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश खो-खो की टीम राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए बैंगलुरू के लिए रवाना हो गई। शनिवार को हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर व महासचिव एवं भारतीय खो-खो महासंघ के संयुक्त सचिव एल आर वर्मा ने टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
44वीं राष्ट्रीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप कर्नाटक के बैंगलुरू में 31 दिसम्बर से 4 जनवरी तक खेली जाएगी, 15 लड़कों व 15 लड़कियों की टीम हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। लड़कियों की टीम मैनेजर नीलम कुमारी व टीम कोच सरोज ठाकुर जबकि लड़कों के टीम मैनेजर मुकेश, टीम कोच विक्रम कुमार व टैक्नीकल आफिसर चुनी लाल टीम के साथ रवाना हुए।
हिमाचल प्रदेश के इन होनहार खिलाड़ियों ने बिलासपुर के जुखाला में 18 से 27 दिसम्बर तक प्रशिक्षण शिविर में खो-खो की बारीकियों को सीखा। हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर ने बताया कि प्रदेश की लड़कों व लड़कियों की जूनियर खो-खो टीमें राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
लड़कों की टीम में प्रशांत, साहिल, वंश, शिवांश, अरुण, पीयूष, अनिक, ध्रुव, आदित्य, कुलवीर, धर्मपाल, तरुण कुमार, आदित्य, यमन व लोकेश्वर शामिल है। जबकि लड़कियों की टीम में सानिया, कृतिका, शगुन, निशा, अक्षरा, एलिसा, अंबिका, उर्वशी, साक्षी, चेतना, साक्षी , कशिश, शैलजा, शगुन व कविता शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

