रामपुर में 232.93 करोड़ की 28 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
रामपुर में 232.93 करोड़ की 28 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमि पूजन


शिमला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र को 232.93 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने रामपुर के शिंगला हेलीपैड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 28 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और भूमि पूजन किए। इनमें पेयजल, सीवरेज, सिंचाई, स्वास्थ्य और सड़क से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने रामपुर तहसील की ग्राम पंचायत भड़ावली में भड़ावली गांवों के समूह के लिए 4.83 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का उद्घाटन किया। रामपुर के वार्ड नंबर-8 डकोलड़ में 8.36 करोड़ रुपये की सीवरेज प्रणाली भी जनता को समर्पित की गई।

मुख्यमंत्री ने रामपुर तहसील की ग्राम पंचायत देवनगर में प्लानू से शलून तक 2.56 करोड़ रुपये की प्रवाह सिंचाई योजना का लोकार्पण किया। वार्ड नंबर-9 खानरी में मौजूदा सीवरेज योजना के साथ एमजीएमएससी अस्पताल खनैरी को जोड़ने के लिए 71 लाख रुपये की सीवरेज कनेक्टिविटी का भी उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त देलठ में 2.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और रामपुर तहसील में गानवी खड्ड पर 1.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बैली ब्रिज को भी जनता को समर्पित किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र की कई सड़कों के निर्माण और उन्नयन कार्यों का भूमि पूजन भी किया। इनमें 35.93 करोड़ रुपये की लागत से टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क के उन्नयन कार्य के साथ इसी सड़क के लिए 54.87 करोड़ रुपये की लागत वाले उन्नयन कार्य का भी भूमि पूजन शामिल है। अस्पताल कॉलोनी से सरलाप्रोग सड़क का निर्माण 2.50 करोड़ रुपये, कोटला-कुन्नी सड़क का कार्य 4.19 करोड़ रुपये और राजपुरा-दरशाल सड़क का कार्य 6.07 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

इसके अलावा उरू से धार सड़क के लिए 3.60 करोड़, सवान-दोई सड़क के लिए 4.81 करोड़, सेरी पुल-अणुराक्षी सड़क के लिए 9.99 करोड़, पलजारा-गिन्छा-पेई सड़क के लिए 11.19 करोड़ और कूट-किन्फी सड़क के लिए 13.85 करोड़ रुपये की लागत वाले कार्यों का भूमि पूजन किया गया। पटैना-कैंची से दारन घाटी सड़क के लिए 6.85 करोड़, मंगलाड़ पुल से गांव रूनपू सड़क के लिए 7.91 करोड़, गांव मोलगी के लिए संपर्क सड़क के निर्माण पर 2.02 करोड़ और रुंगचा-धारला सड़क के लिए 7.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने दलोग-चाश्नी-मड़ोग सड़क के लिए 4 करोड़, ढाई-बरकेली सड़क के लिए 9.21 करोड़, चड़ी से ढरण सड़क के लिए 6 करोड़, चकटी-थैली सड़क के लिए 5.75 करोड़, चेबड़ी से नगालनी सड़क के लिए 4.71 करोड़, लाहरू से खरेला सड़क के लिए 8.24 करोड़ और एरली-मझेवटी सड़क के लिए 3.19 करोड़ रुपये के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का भी भूमि पूजन किया। इसके साथ ही 45 लाख रुपये की लागत से लबाना-सदाना, भगावत से धोआ गांव और फांचा से फांचा कंडा तक सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की शुरुआत की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story