राजगढ़ में संत निरंकारी मिशन का स्वैच्छिक रक्तदान शिविर संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ में संत निरंकारी मिशन का स्वैच्छिक रक्तदान शिविर संपन्न


नाहन, 12 जुलाई (हि.स.)। राजगढ़ में संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। और लगभग 246 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने शिविर का शुभारंभ कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और रक्तदान को महादान बताया।

संत निरंकारी सत्संग भवन, राजगढ़ में आयोजित इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ प्रातः हुआ। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। मिशन के स्वयंसेवकों ने रक्तदाताओं के पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया। शिविर के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने शिविर का अवलोकन किया और रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा दान है जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और समाज में इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

मिशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संत निरंकारी मिशन वर्षों से देश-विदेश में रक्तदान शिविरों के माध्यम से मानव सेवा का संदेश दे रहा है। पूर्व आध्यात्मिक गुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का संदेश रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहे आज भी लाखों लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहा है। मिशन का उद्देश्य केवल रक्त एकत्र करना नहीं, बल्कि समाज में निस्वार्थ सेवा, भाईचारे और मानव एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि मिशन पिछले लगभग 40 वर्षों से लगातार रक्तदान शिविरो का आयोजन कर रहा है और लगभग 40 लाख युनिट रक्त इन शिविरों के माध्यम से एकत्र किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story