युवाओं को अस्थायी नहीं, नियमित रोजगार दे प्रदेश सरकार : सनी शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं को अस्थायी नहीं, नियमित रोजगार दे प्रदेश सरकार : सनी शुक्ला


शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला ने हिमाचल प्रदेश सरकार की इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 पर सवाल उठाते हुए इसे बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अस्थायी नियुक्तियों का झुनझुना देने के बजाय नियमित रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। कांग्रेस ने चुनाव के दौरान युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार नियमित भर्तियों के स्थान पर अस्थायी नियुक्तियों की व्यवस्था कर रही है।

डॉ. शुक्ला ने शनिवार को एक बयान में कहा कि प्रदेश के हजारों युवा डिग्रियां हासिल करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों लगा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि मेहनत के बाद नियमित सरकारी नौकरी मिलेगी। नई इंगेजमेंट पॉलिसी ने उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की अधिसूचना के अनुसार इन नियुक्तियों के लिए नए नियमित पद सृजित नहीं किए जाएंगे। नियुक्तियां जरूरत के आधार पर निश्चित मानदेय पर होंगी। इनका शुरुआती कार्यकाल एक वर्ष होगा और परिस्थितियों व प्रदर्शन के आधार पर इसे बढ़ाया जा सकेगा। हालांकि, अधिकतम अवधि पांच वर्ष तय की गई है। नीति में नियमितीकरण या नियमित पद पर नियुक्ति का अधिकार भी नहीं दिया गया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूछा कि पांच वर्ष तक सेवाएं देने के बाद युवाओं के भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा? तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए अस्थायी नियुक्तियों के बजाय नियमित पद सृजित कर भर्ती की जानी चाहिए।

डॉ. शुक्ला ने सरकार से इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 वापस लेने और सरकारी विभागों में रिक्त पद नियमित भर्ती से भरने की मांग की। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं और परिणामों के लिए समयसीमा तय करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि भाजयुमो युवाओं के नियमित रोजगार और सुरक्षित भविष्य के लिए आवाज उठाता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story