मुख्यमंत्री ने मशोबरा में बच्चों के साथ मनाई दिवाली, बांटी मिठाइयां
शिमला, 08 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिवाली के अवसर पर रविवार को मशोबरा स्थित बालिका आश्रम में ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के साथ त्योहार मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ पटाखे जलाए और उन्हें फल, मिठाइयां तथा पटाखे बांटे। उन्होंने बच्चों के साथ दिवाली की खुशियां साझा करते हुए कहा कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ उनके अपने परिवार का हिस्सा हैं। इसी भावना के साथ वह समय-समय पर प्रदेश के विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों में जाकर बच्चों से मिलते हैं और उनकी जरूरतों तथा समस्याओं की जानकारी लेते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इन बच्चों की शिक्षा, देखभाल और बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहायता दे रही है। सरकार उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च उठा रही है। इसके साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है। बच्चों को घर बनाने और विवाह से जुड़े खर्चों के लिए भी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास बच्चों के कल्याण के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन हैं और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार बाल देखभाल संस्थानों में रहने वाले बच्चों को बेहतर आवासीय सुविधाएं देने के लिए भी कदम उठा रही है। इसके तहत इन संस्थानों में छात्रावासों के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा देने के बाद सरकार ने इन बच्चों के माता-पिता दोनों की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया है। उनके सुरक्षित भविष्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे मेहनत के दम पर जीवन में आगे बढ़ें और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार भविष्य में भी उनकी जरूरतों का ध्यान रखेगी। वह स्वयं भी बच्चों के कल्याण और उन्हें दी जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी करते हैं। इस अवसर पर मशोबरा बालिका आश्रम की छात्राओं ने मुख्यमंत्री के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

