मनरेगा से गांधी का नाम हटाने के विरोध में 5 जनवरी से प्रदेशभर में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन : विनय कुमार
शिमला, 29 दिसंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने और इसके मूल उद्देश्य को कमजोर करने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि 5 जनवरी से कांग्रेस क्रमबद्ध रूप से जिलों और ब्लॉकों में धरना-प्रदर्शन आयोजित करेगी तथा बूथ स्तर तक लोगों को इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।
सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों और पार्टी नेताओं के साथ सांकेतिक अनशन पर बैठने के बाद विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस मनरेगा का नाम बदलने और इसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ का पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस देशभर में एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है, ताकि केंद्र की भाजपा सरकार को मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बनाए रखने के लिए बाध्य किया जा सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोची-समझी राजनीति के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून से महात्मा गांधी का नाम हटाया। उन्होंने कहा कि यह फैसला बिना मंत्रिमंडल में चर्चा किए, सहयोगी दलों को विश्वास में लिए बिना और जल्दबाजी में राष्ट्रपति से मंजूर करवाया गया, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह इतिहास में पहली बार हुआ है कि किसी महत्वपूर्ण संशोधन को सीमित चर्चा के बाद रातों-रात मंजूरी दिलाई गई।
विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस बिल पर विस्तृत चर्चा चाहते थे, लेकिन सरकार ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अनदेखी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान की मर्यादाओं को तोड़ रही है, जनमत का अपमान कर रही है और गरीबों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों के खिलाफ इंडिया गठबंधन एकजुट होकर भाजपा की तानाशाही नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

