मजदूर पर हाथ उठाने की घटना से भड़के श्रमिक, जीएम के खिलाफ जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 20 जून (हि.स.)। पांवटा साहिब में एक निजी फैक्ट्री में एक मजदूर के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर श्रमिकों में भारी रोष व्याप्त है। मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए फैक्ट्री के जीएम के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की है।

प्रदीप चौहान ने कहा कि गरीब मजदूर दिनभर कड़ी मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। ऐसे में किसी भी अधिकारी द्वारा मजदूर के साथ अपमानजनक व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मजदूरों पर किसी प्रकार का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई कर्मचारी प्रबंधन के सामने अपनी बात ऊंची आवाज में रख दे तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाती है, लेकिन जब कोई अधिकारी मजदूर के साथ दुर्व्यवहार करता है तो मामले को दबाने का प्रयास किया जाता है। यह दोहरा रवैया स्वीकार नहीं किया जा सकता।

घटना की जानकारी मिलते ही मजदूर नेता प्रदीप चौहान अपने साथियों के साथ कंपनी के बाहर पहुंचे। मामले को लेकर श्रमिकों में काफी आक्रोश देखने को मिला। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया।

इस दौरान प्रदीप चौहान ने कहा कि मजदूर वर्ग किसी भी उद्योग की रीढ़ होता है और उनके सम्मान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रबंधन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदीप चौहान ने कहा कि घटना को लेकर मजदूरों में भारी नाराजगी है और प्रबंधन को मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों के सम्मान और अधिकारों की अनदेखी की गई तो श्रमिक संगठन चुप नहीं बैठेगा और अपने हक की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story