मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई में किया पीएचसी और स्कूल कमरों का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई में किया पीएचसी और स्कूल कमरों का लोकार्पण


नाहन, 25 अप्रैल (हि.स.)। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शनिवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अपने प्रवास के दौरान कोटा पाब में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का शुभारंभ किया और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में 23 लाख रुपये की लागत से बने अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार दूरदराज के इलाकों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने बताया कि सरकार प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और स्कूलों में ढांचागत सुधार के साथ-साथ स्टाफ की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने ही इलाके में बेहतर सेवाएं मिल सकें। शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है और अब शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है।

मंत्री ने यह भी बताया कि सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही पहले चरण में करीब 150 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ा जा रहा है, ताकि छात्रों को बेहतर शिक्षा और भविष्य में उच्च शिक्षा के लिए मजबूत आधार मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि बाकी मामलों को अधिकारियों को सौंपकर समयबद्ध तरीके से हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story