भाजपा ने मत्स्य पालन प्रकोष्ठ की कमान तिलक राज रेणोत्रा को सौंपी
शिमला, 14 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने संगठन में मत्स्य पालन प्रकोष्ठ को नई टीम दी है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने ज्वाली मंडल से जुड़े अधिवक्ता तिलक राज रेणोत्रा को प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। इसके साथ ही नैनादेवी जी मंडल के अजीत कुमार और अर्की मंडल के हुकम चंद भाटिया को प्रदेश सह-संयोजक बनाया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
भाजपा की ओर से जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार तीनों पदाधिकारियों को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने इन नियुक्तियों के जरिए मत्स्य पालन क्षेत्र से जुड़े लोगों और मत्स्य पालकों के साथ संगठन का संपर्क और समन्वय बढ़ाने की जिम्मेदारी नई टीम को दी है।
डॉ. राजीव बिंदल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन को मजबूत करने के साथ मत्स्य पालन क्षेत्र से जुड़े लोगों के मुद्दों को पार्टी के मंच तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठ समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ संगठन का संवाद मजबूत करने का काम करते हैं।
बिंदल ने कहा कि मत्स्य पालन प्रकोष्ठ प्रदेश में इस क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ संपर्क और समन्वय बढ़ाने के साथ संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाएगा। तीनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

