बिजली बोर्ड पेंशनरों ने की 40% एरियर भुगतान की मांग

WhatsApp Channel Join Now
बिजली बोर्ड पेंशनरों ने की 40% एरियर भुगतान की मांग


नाहन, 11 जुलाई (हि.स.)। बिजली बोर्ड पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन नाहन की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को नाहन में आयोजित की गई। बैठक में जिले भर से बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लिया और अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर गहन चिंतन किया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश सरकार ने जिस प्रकार अपने 59 वर्ष आयु वर्ग के कर्मचारियों के लिए 40 प्रतिशत एरियर का भुगतान करने का निर्णय लिया है, उसी तर्ज पर हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड भी अपने 59 से 69 आयु वर्ग के पेंशनरों के लिए समान प्रावधान करे। पेंशनरों ने कहा कि इससे उन्हें भी आर्थिक राहत मिल सकेगी और सरकार व बोर्ड के बीच भेदभाव की स्थिति समाप्त होगी।

एसोसिएशन के महासचिव कमलेश पुंडीर ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि पेंशनरों की कई वित्तीय देनदारियां लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने मांग की कि इनका भुगतान जल्द से जल्द किया जाए ताकि वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने एक अन्य महत्वपूर्ण मांग रखते हुए कहा कि बिजली बोर्ड में कार्यरत कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं में मृत्यु के मामलों में उचित मुआवजे का प्रावधान किया जाना चाहिए। यह मुआवजा नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्स कर्मियों के परिजनों को भी समान रूप से मिलना चाहिए।

पेंशनरों ने सरकार और बिजली बोर्ड प्रबंधन से आग्रह किया कि उनकी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र समाधान किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story