बिंदल का मंत्री विक्रमादित्य पर पलटवार, बोले- जनता का भरोसा ही हमारा सबसे बड़ा प्रमाणपत्र

WhatsApp Channel Join Now
बिंदल का मंत्री विक्रमादित्य पर पलटवार, बोले- जनता का भरोसा ही हमारा सबसे बड़ा प्रमाणपत्र


बिंदल का मंत्री विक्रमादित्य पर पलटवार, बोले- जनता का भरोसा ही हमारा सबसे बड़ा प्रमाणपत्र


शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा या उसके नेताओं को किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से हिमाचल प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से लगातार जनप्रतिनिधि के रूप में काम कर रहे हैं और उनके लिए सबसे बड़ा प्रमाणपत्र प्रदेश की जनता का विश्वास है।

डॉ. बिंदल ने बुधवार को कहा कि हाल ही में हुए पंचायती राज, नगर निकाय और नगर निगम चुनावों में जनता ने कांग्रेस और राज्य सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है। उनके अनुसार चुनाव परिणामों से लोगों ने कांग्रेस सरकार की नीतियों को स्वीकार नहीं किया और भाजपा के प्रति अपना भरोसा जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार के बाद कांग्रेस नेताओं में निराशा दिखाई दे रही है और इसी वजह से वे इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से प्रदेश के असली मुद्दों से लोगों का ध्यान नहीं हटाया जा सकता।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के चार साल के कार्यकाल में प्रदेश आर्थिक चुनौतियों और कई समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे अधिक निराशा बेरोजगार युवाओं को हुई है। उनके अनुसार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने पांच लाख रोजगार देने और एक लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने का वादा किया था, मगर इन वादों को पूरा करने की दिशा में कोई ठोस कदम दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब सरकार से इन वादों का जवाब मांग रहा है।

डॉ. बिंदल ने राम मंदिर के मुद्दे पर भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर मंदिर निर्माण के लिए लंबे समय तक संघर्ष हुआ और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंदिर का निर्माण संभव हो सका। उनका आरोप है कि इस पूरे दौर में कांग्रेस ने प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से मंदिर निर्माण का समर्थन नहीं किया और तुष्टिकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस राम मंदिर और भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जिसे देश और प्रदेश की जनता अच्छी तरह समझती है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय अपने चार वर्षों के कामकाज और चुनावी वादों पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता रोजगार, विकास, आर्थिक स्थिति और सरकार की घोषणाओं के बारे में जवाब चाहती है। उनका कहना है कि भाजपा आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी और सरकार से उसके वादों तथा कामकाज पर जवाब मांगती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story