फसल बीमा योजना के तहत 15 अगस्त तक करवाएं बीमा

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 05 अगस्त (हि.स.)। उप निदेशक कृषि सिरमौर ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरमौर जिला में दो फसल बीमा योजनाएं जिसमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना चल रही है जिसके अंतर्गत खरीफ मौसम -2025 के लिए फसलों का बीमा 15 अगस्त तक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि खरीफ मौसम में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत मक्की और धान तथा पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत आलू और टमाटर की फसलों का बीमा किया जाना है।

उन्होंने बताया कि मक्की और धान दोनो फसलों के लिए बीमित राशि 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर है जिसमें किसानों को बीमित राशि का मात्र 02 प्रतिशत अर्थात प्रति हेक्टेयर 1200 रुपये या प्रति बीघा 98 रुपये प्रीमियम राशि के रूप में देना होगा। इसी प्रकार टमाटर के लिए बीमित राशि 02 लाख तथा आलू की बीमित राशि 01 लाख, 50 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इन दोनों फसलों के लिए किसानों को 05 प्रतिशत अर्थात टमाटर के लिए 800 रुपये तथा आलू के लिए 600 रुपये प्रति बीघा प्रीमियम राशि देनी होगी जबकि शेष प्रीमियम राशि का भुगतान केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन फसलों का बीमा करवा कर किसान फसलों की बुआई से लेकर कटाई तक, प्राकृतिक आपदाओं जैसे सूखा, बाढ़, सैलाब, प्राकृतिक आग, भूमि कटाव आदि के जोखिम से फसलों को सुरक्षित कर सकते है। इसके अतिरिक्त फसल कटाई के उपरांत दो सप्ताह तक होने वाले नुकसान तथा स्थानीयकृत आपदाओं से होने वाले नुकसानों की भी भरपाई की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story