पांवटा साहिब में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, जिला परिषद, बीडीसी और नगर परिषद में कांग्रेस का बनेगा अध्यक्ष : किरनेश जंग

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 11 मई (हि.स.)। पांवटा साहिब में जिला परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। सोमववार को वार्ड नंबर 7, 8 और 9 से कांग्रेस प्रत्याशियों ने भारी समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन का माहौल बना रहा।

इस मौके पर पांवटा के पूर्व विधायक किरनेश जंग के बेटे अरिकेश जंग तथा पूर्व प्रधान सुरजन सिंह ने भी नामांकन भरते हुए एकजुटता का संदेश दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस बार पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।

पूर्व विधायक किरनेश जंग ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार जिला परिषद, बीडीसी और नगर परिषद में कांग्रेस का अध्यक्ष बनेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता डोर-टू-डोर और पंचायत स्तर पर मजबूती से प्रचार कर रहे हैं और जनता का भारी समर्थन मिल रहा है।

किरनेश जंग ने कहा कि इस बार 34 में से 22 प्रधान कांग्रेस पार्टी के जीतेंगे। उन्होंने भाजपा पर लोगों को भड़काने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब विकास चाहती है और कांग्रेस के साथ खड़ी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश सरकार ने बेहतरीन काम किए हैं, जिसका सीधा लाभ आम जनमानस को मिला है। युवाओं को रोजगार मिला, स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हुईं और पांवटा का अस्पताल भी पहले से काफी बेहतर हुआ है। पूर्व विधायक ने विश्वास जताया कि विकास और जनहित के कार्यों के दम पर कांग्रेस प्रत्याशी इस बार चुनाव में शानदार जीत दर्ज करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story