पांवटा साहिब में कर्मचारी संघ का धरना जारी
नाहन, 28 जुलाई (हि.स.)। पांवटा साहिब में दी ज्योति सहकारी गैर कृषि बचत एवं ऋण सभा समिति लिमिटेड, पांवटा साहिब में कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 जुलाई से 31 जुलाई तक धरना-प्रदर्शन जारी है। कर्मचारी संघ ने प्रबंधन समिति के कुछ निर्णयों, विशेषकर पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जताते हुए संबंधित निर्णयों को वापस लेने की मांग की है। उनका आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने प्रबंधन से पारदर्शी एवं न्यायसंगत तरीके से उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई है।
वहीं, समिति के प्रधान नरेश खापड़ा ने कर्मचारी संघ के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति से संबंधित निर्णय सभी कर्मचारियों के साथ पारदर्शी तरीके से चर्चा एवं आपसी बैठक के बाद लिया गया था। उनके अनुसार इस प्रक्रिया से कुछ कर्मचारी संतुष्ट हैं, जबकि कुछ कर्मचारियों ने अपनी असहमति दर्ज कराई है।
नरेश खापड़ा ने स्पष्ट किया कि प्रबंधन समिति ने सभी नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि समिति हमेशा कर्मचारियों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

