न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम वापस नहीं हुआ तो 5 सितंबर के बाद तेज होगा आंदोलन : प्राथमिक शिक्षक संघ

WhatsApp Channel Join Now
न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम वापस नहीं हुआ तो 5 सितंबर के बाद तेज होगा आंदोलन : प्राथमिक शिक्षक संघ


न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम वापस नहीं हुआ तो 5 सितंबर के बाद तेज होगा आंदोलन : प्राथमिक शिक्षक संघ


शिमला, 06 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम को लेकर राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। संघ का कहना है कि जब तक यह व्यवस्था वापस नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 5 सितंबर तक सरकार ने इस संबंध में फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक तथा निर्णायक बनाया जाएगा।

शिमला में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में 11 जुलाई से आंदोलन लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को प्राथमिक शिक्षकों की पदयात्रा शिमला पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सचिवालय में बैठक हुई थी। इस बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त समिति बनाकर मांगों पर विस्तार से चर्चा करने और रिपोर्ट सरकार को सौंपने का निर्णय लिया गया था।

रमेश शर्मा ने आरोप लगाया कि संयुक्त समिति के गठन में देरी की गई। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को हुई बैठक में ऐसे कई शिक्षक संगठनों को भी बुलाया गया, जिनका न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम से सीधा संबंध नहीं है। उनके अनुसार इस व्यवस्था से सबसे अधिक प्राथमिक शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए इस विषय पर बातचीत में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि शिक्षा विभाग को उम्मीद थी कि अन्य शिक्षक संगठन न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम का समर्थन करेंगे, लेकिन बैठक में कई संगठनों ने इसका विरोध किया। रमेश शर्मा के अनुसार टीजीटी, सी एंड वी, साइंस मास्टर, टीजीटी आर्ट्स, स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ और हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ सहित कई संगठनों ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए इसे न्यू जुगाड़ तंत्र बताया।

प्राथमिक शिक्षक संघ ने कहा कि उसका क्रमिक अनशन जारी रहेगा।

संघ का कहना है कि यदि 5 सितंबर तक सरकार न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम वापस लेने का निर्णय नहीं करती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही सरकार से प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की भी अपील की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story