नाहन में 42 साल पुरानी ठगी में फरार कोच पर एसोसिएशन की गाज, महासचिव पद से हटाया

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के मुख्यालय नाहन से सामने आए चर्चित मामले में अब एक और बड़ा अपडेट आया है। नाहन में एथलेटिक्स कोच की आड़ में रह रहा 69 वर्षीय, जो असल में 42 साल पुराने ठगी के मामले में फरार चल रहा उद्घोषित अपराधी निकला, उस पर अब संगठन ने भी गाज गिराई है। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन सिरमौर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी विजय कुमार यादव को महासचिव पद से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव राज शर्मा और उपाध्यक्ष रविन्द्र पंवार हाटी द्वारा आज जारी आदेश के अनुसार संगठन की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। आदेश के मुताबिक अब विजय कुमार यादव महासचिव पद से जुड़े किसी भी प्रशासनिक, वित्तीय या संगठनात्मक अधिकार का प्रयोग नहीं कर सकेंगे।

दरअसल मामला 5 मार्च 1984 का है। राजस्थान के उदयपुर में धन मंडी थाने में भंवर सिंह ने शिकायत दी थी कि विजय कुमार यादव और उसके साथियों ने किनारा ग्रुप / अग्रवाल सेल्स नाम की फर्जी संस्था बनाकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये ऐंठे। करीब 32,000 रुपये की ठगी कर आरोपी ऑफिस बंद कर फरार हो गए थे। उस वक्त 9 आरोपियों को पकड़ लिया गया था, जबकि विजय यादव फरार हो गया था, जिसके बाद उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। हाल ही में राजस्थान पुलिस ने तकनीकी सहायता के आधार पर नाहन के चौगान मैदान में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story