नाहन के प्रणव गौतम दिल्ली में प्रोफेशनल एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजे गए
नाहन, 05 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर की प्रतिभाएं आज किसी भी परिचय की मोहताज नहीं हैं। इसी कड़ी में नाहन निवासी और प्रख्यात अंकशास्त्री प्रणव गौतम ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रोफेशनल एक्सीलेंस अवार्ड जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 5 अप्रैल को दिल्ली के ऐतिहासिक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘वोकल फॉर लोकल टैलेंट प्रमोटर्स’ द्वारा आयोजित इस 15वें सम्मान समारोह में उन्हें उनके उत्कृष्ट पेशेवर कौशल और सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्रणव गौतम का मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन को धरातल पर उतारना है। अपने राइडिंग क्लब ‘बंजारा राइडर्स’ के माध्यम से वे न केवल सिरमौर पर्यटन बल्कि मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट कर रहे हैं। उनका उद्देश्य उन स्थानीय और अनछुए पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाना है, जो अपनी खूबसूरती के बावजूद मुख्यधारा के पर्यटन मानचित्र से दूर रह गए हैं। वे एक ऐसे सेतु का कार्य कर रहे हैं जो स्थानीय संस्कृति और आधुनिक पर्यटन के बीच तालमेल बिठाता है।
प्रणव गौतम का कार्य केवल पेशेवर उपलब्धियों तक सीमित नहीं है। वे समाज के ज्वलंत मुद्दों पर भी पूरी सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। वे महिला सशक्तिकरण के प्रबल समर्थक हैं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। इसके अतिरिक्त, हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में पैर पसारते नशे के जाल के खिलाफ वे ‘एंटी-ड्रग्स’ अभियान चला रहे हैं, ताकि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

