नाहन की नेहा सैनी जर्मनी में प्रोफेशनल नर्स बनीं, नर्सिंग कॉलेज और प्रदेश का नाम रोशन

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 20 फ़रवरी (हि.स.)। नेहा सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर हिमाचल और अपने संस्थान का नाम रोशन किया है। माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज की पूर्व छात्रा नेहा का चयन जर्मनी के एक प्रतिष्ठित मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में हुआ है, जहाँ वह अब प्रोफेशनल नर्स के रूप में अपनी सेवाएँ देंगी। उनकी इस उपलब्धि को ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार वर्ष 2024 में संस्थान में जर्मनी प्लेसमेंट के लिए एक विशेष लेंग्वेज एंड प्लेसमेंट सेल की शुरुआत की गई थी। इसी केंद्र के माध्यम से नेहा सैनी को भाषा प्रशिक्षण और पेशेवर मार्गदर्शन मिला। प्रबंधन का कहना है कि सुनियोजित तैयारी और कड़ी मेहनत के कारण नेहा आज विदेश में अपने करियर की शुरुआत कर पाई हैं।

जर्मनी पहुँचने के बाद नेहा ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कीं, जो कॉलेज के अन्य छात्र-छात्राओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। कॉलेज का मानना है कि इससे नर्सिंग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अवसरों को लेकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ेगा।

इस उपलब्धि पर कॉलेज के चेयरमैन अनिल जैन, जनरल सेक्रेटरी सचिन जैन और प्राचार्या रिजी गीवरगीज़ ने नेहा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता नेहा की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है।

नेहा के माता-पिता ने भी खुशी जताते हुए कहा कि उनकी बेटी की उपलब्धि उसके संस्कारों और कॉलेज की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नतीजा है। संस्थान का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story