धान बेचने के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, 3 अक्तूबर से होगी सरकारी खरीद
शिमला, 16 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान किसानों से धान की सरकारी खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। धान बेचने के इच्छुक किसान 15 सितंबर से ऑनलाइन पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकते हैं। प्रदेश में धान की खरीद 3 अक्तूबर 2026 से शुरू होगी और 15 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए कांगड़ा, सोलन, ऊना और सिरमौर जिलों में 11 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की निदेशक कुमुद सिंह ने बुधवार को बताया कि इस बार किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण के लिए एग्रीस्टैक की किसान रजिस्ट्री के माध्यम से भी सुविधा दी जा रही है। इस व्यवस्था में किसान का व्यक्तिगत और जमीन से संबंधित विवरण किसान रजिस्ट्री से ऑनलाइन लिया जाएगा। ऐसे किसानों को जमीन के सत्यापन के लिए पटवारी के पास जाने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, बैंक से संबंधित पूरी जानकारी किसान को पहले की तरह स्वयं भरनी होगी। जो किसान एग्रीस्टैक में पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें एचपी एपीपी पोर्टल पर पहले की तरह अपनी पूरी जानकारी भरनी होगी। ऐसे मामलों में जमीन का ऑनलाइन सत्यापन पटवारी और उपज की ऑनलाइन प्रविष्टि कृषि अधिकारी द्वारा की जाएगी।
कुमुद सिंह ने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 के लिए भारत सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। यह पिछले वर्ष के मुकाबले 72 रुपये अधिक है। उन्होंने किसानों से चार जिलों में स्थापित 11 खरीद केंद्रों पर अपनी धान की फसल बेचने और न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से भी कहा है कि वे किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और सरकारी खरीद की जानकारी दें और उन्हें अपनी फसल सरकारी खरीद केंद्रों पर बेचने के लिए जागरूक करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

