टोल टैक्स बढ़ोतरी पर बेरियर पर भड़की सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन, ट्रकों का चक्का रोका

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 01 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में टोल टैक्स बढ़ाए जाने के विरोध में आज यमुना बेरियर पर सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने जोरदार रोष प्रकट किया। इस दौरान यूनियन के प्रधान जसमेर भूरा सहित पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। प्रदर्शन के दौरान यूनियन सदस्यों ने यमुना नदी के पुल पर ट्रकों को रोककर अपना विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित रही। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर एस एच ओ पांवटा, डी एस पी पांवटा और एक्साइज अधिकारी भी पहुंचे।

प्रशासन और यूनियन के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हुआ। यूनियन के कहने पर अधिकारियों ने दोपहर 3:00 बजे तक पुराने टोल रेट ही लागू रखने का आश्वासन दिया, जिसके बाद सरकार द्वारा तय नए टोल के अनुसार ही शुल्क वसूला जाएगा।

इस मौके पर यूनियन अध्यक्ष भूरा ने साफ चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ट्रकों पर बढ़ाया गया टैक्स कम नहीं किया, तो यूनियन धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि बेरियर से पांवटा साहिब की दूरी मात्र 1-2 किलोमीटर है, फिर भी ट्रक चालकों को ₹570 तक टोल देना पड़ रहा है, जो बिल्कुल अनुचित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story