जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा की एयरपोर्ट पर मॉकड्रिल

WhatsApp Channel Join Now
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा की एयरपोर्ट पर मॉकड्रिल


धर्मशाला, 25 मार्च (हि.स.)।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा (डीडीएमए) द्वारा बुधवार को गगल एयरपोर्ट परिसर के बाहर एक संयुक्त आपातकालीन अभ्यास (मॉकड्रिल) का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में एयरपोर्ट फायर सर्विस, राज्य फायर सर्विस, मेडिकल सर्विसेज, राज्य पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।

इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति, जैसे विमान दुर्घटना, रनवे पर आग लगना, ईंधन रिसाव या अन्य आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया की क्षमता को सुदृढ़ करना था। अभ्यास के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि आपात स्थिति में सभी विभाग पूर्व निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार कार्य करें और न्यूनतम समय में राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके।

अभ्यास के दौरान आपदा की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित अलर्ट एवं रिस्पॉन्स प्रणाली का सक्रियण ,घटनास्थल पर इंसिडेंट कमांड सिस्टम की स्थापना, अग्निशमन वाहनों द्वारा आग पर नियंत्रण की प्रक्रिया, विमान/प्रभावित क्षेत्र से यात्रियों एवं घायलों का सुरक्षित निकास, प्राथमिक उपचार एवं गंभीर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया,

सुरक्षा घेरा स्थापित कर भीड़ नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसी गतिविधियों को अमलीजामा पहनाया गया।

डीडीएमए कांगड़ा की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने, कमियों की पहचान करने तथा भविष्य के लिए सुधारात्मक कदम उठाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। अभ्यास के उपरांत एक डी-ब्रीफिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए तथा प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु सुझाव दिए गए।

जिला प्रशासन कांगड़ा द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि हवाई अड्डे जैसे संवेदनशील स्थलों पर समय-समय पर इस प्रकार के मॉक ड्रिल एवं संयुक्त अभ्यास आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि किसी भी वास्तविक आपातकालीन परिस्थिति में जन-जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story