काठगढ़ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ ‘इंदौरा उत्सव’ का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 18 दिसंबर (हि.स.)। दो दिवसीय इंदौरा उत्सव का शुभारंभ वीरवार को नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी), आवास, तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने ऐतिहासिक काठगढ़ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, पूर्व विधायक अजय महाजन तथा राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष विशाल चंबियाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि उत्सवों के बिना जीवन नीरस और अधूरा होता है। उत्सव न केवल हमारे जीवन को सजीव बनाते हैं, बल्कि हमें अपनी जड़ों, संस्कृति और मानवीय मूल्यों से भी जोड़ते हैं। मेले व उत्सव हमारे समाज को गतिशील बनाते हैं और जो समाज गतिशील होता है वही प्रगति करता है। ऐसे आयोजनों से लोक कला, रीति- रिवाजों और परंपराओं को संजीवनी मिलती है, वहीं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच भी प्राप्त होता है।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान निरंतर प्रभावी हो रहा है। मुख्यमंत्री का नारा “चिट्टे को भगाना है, युवाओं को बचाना है” आज प्रदेशभर में एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इस अभियान को सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और क्षेत्रीय एकता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे खतरनाक नशे को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से इस उत्सव का आयोजन किया गया है। इंदौरा क्षेत्र के युवा अत्यंत प्रतिभावान हैं और उनकी प्रतिभा को इंदौरा उत्सव के माध्यम से प्रभावी मंच प्रदान किया जा रहा है।

इससे पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली गई जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पहाड़ी-पंजाबी गानों पर झूमे लोग

इंदौरा उत्सव के पहले दिन पहाड़ी एवं पंजाबी गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। इस दौरान प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया और लोग नाचने पर विवश हो गए। इससे पूर्व स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।

मुख्यमंत्री करेंगे उत्सव का समापन

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कल शुक्रवार को इंदौरा उत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कल इंदौरा पंहुचेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story