उम्र के इस पड़ाव पर मिला जीवनसाथी, वृद्धाश्रम में 75 साल के कन्हैया लाल ने 63 वर्षीय सबीना से रचाई शादी

WhatsApp Channel Join Now
उम्र के इस पड़ाव पर मिला जीवनसाथी, वृद्धाश्रम में 75 साल के कन्हैया लाल ने 63 वर्षीय सबीना से रचाई शादी


शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। जिंदगी के सफर में हमसफर मिलने की कोई उम्र नहीं होती। कभी-कभी अकेलेपन के लंबे दौर के बाद भी किसी का साथ जीवन में नई खुशियां ले आता है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बुधवार को ऐसी ही एक अनूठी शादी हुई। यहां दयोली स्थित 'अपना घर' वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना विवाह के बंधन में बंध गए। दोनों परिवार से दूर थे और वृद्धाश्रम में रहते हुए एक-दूसरे के करीब आए। अब उन्होंने जीवन का बाकी सफर साथ बिताने का निर्णय लिया है।

वृद्धाश्रम में शादी का माहौल मंगलवार शाम से ही बनने लगा था। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाई गई। महिलाओं ने ढोलकी की थाप पर मंगलगीत गाए। बुधवार सुबह से विवाह की रस्में शुरू हुईं। पूर्वान्ह करीब 11:30 बजे जयमाला की रस्म हुई। इसके बाद अन्य पारंपरिक रस्में निभाई गईं। पूरे आश्रम में गीत-संगीत और खुशियों का माहौल रहा। दोपहर करीब तीन बजे विदाई की तैयारियां की गईं।

कन्हैया लाल हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के रहने वाले हैं। वह करीब साढ़े तीन साल से दयोली के अपना घर वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। उनकी पत्नी और बच्चे नहीं हैं। वह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में नियमित कर्मचारी थे और वर्ष 2000 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके पास पहले करीब दो से ढाई बीघा जमीन और दो कमरों का मकान था। उन्होंने यह संपत्ति अपने भाइयों के नाम कर दी थी। कन्हैया लाल का कहना है कि इसके बाद भाइयों ने उनकी देखभाल नहीं की। जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें वृद्धाश्रम में सहारा मिला।

वहीं, 63 वर्षीय सबीना मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली हैं। जीवन की परिस्थितियों के कारण वह भी अपने करीबियों से अलग हो गई थीं। दयोली के इसी वृद्धाश्रम में उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई। साथ रहते हुए दोनों के बीच विश्वास और अपनापन बढ़ा। धीरे-धीरे दोनों ने एक-दूसरे का जीवनसाथी बनने का निर्णय लिया।

शुरुआत में दोनों की शादी कोर्ट मैरिज के माध्यम से कराने की योजना थी, लेकिन बाद में आश्रम प्रबंधन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह करवाने का निर्णय लिया। शादी में कन्हैया लाल के गांव से दो-तीन लोग भी पहुंचे। इनमें वे लोग शामिल थे, जिन्होंने उन्हें वृद्धाश्रम तक पहुंचाया था। हालांकि, दूल्हा और दुल्हन के परिवारों से किसी के शामिल होने की उम्मीद नहीं थी।

शादी के बाद कन्हैया लाल और सबीना नालागढ़ में मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से संचालित नए वृद्धाश्रम में रहेंगे। वहां दोनों के एक साथ रहने की व्यवस्था की गई है। दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम के प्रबंधक प्रकाश चंद बंसल ने बताया कि दोनों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ है। उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए रहने की व्यवस्था भी कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story