इग्नू ने प्रवेश और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ाई

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रवेश और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। विश्वविद्यालय के इस फैसले से उन छात्रों को अतिरिक्त समय मिलेगा जो अभी तक आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।

इग्नू की ओर से जारी जानकारी के अनुसार जुलाई 2026 सत्र के लिए विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के पुनः पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में नए प्रवेश की प्रक्रिया भी जारी है। इन पाठ्यक्रमों में आवेदन करने की अंतिम तिथि भी अब 31 अगस्त 2026 होगी।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने का आग्रह किया है।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शिमला के अनुसार विश्वविद्यालय देशभर में दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विभिन्न विषयों में अध्ययन का अवसर उपलब्ध कराता है। ऐसे विद्यार्थी जो नियमित रूप से किसी शिक्षण संस्थान में अध्ययन नहीं कर सकते, उनके लिए इग्नू के कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण विकल्प माने जाते हैं।

प्रवेश, पाठ्यक्रमों या आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने निकटतम इग्नू अध्ययन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शिमला के दूरभाष नंबर 0177-2624612 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। क्षेत्रीय केंद्र शिमला के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जोगिंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रवेश और पुनः पंजीकरण की बढ़ी हुई समय सीमा का लाभ उठाकर विद्यार्थी समय रहते अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story