इंदौरा अस्पताल को मिली अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन, विधायक मलेंद्र राजन ने किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरा अस्पताल को मिली अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन, विधायक मलेंद्र राजन ने किया लोकार्पण


धर्मशाला, 23 नवंबर (हि.स.)। सिविल अस्पताल इंदौरा में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लगभग 21 लाख रुपये की अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है। विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को इस मशीन का लोकार्पण कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध होगी तथा उन्हें जांच के लिए दूरदराज के स्वास्थ्य संस्थानों में नहीं जाना पड़ेगा।

इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इंदौरा और आसपास के क्षेत्रों के स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। वर्ष 2022 में गंगथ अस्पताल में जहां केवल एक चिकित्सक सेवाएं दे रहा था, वहीं वर्तमान में यहां छह चिकित्सक तैनात हैं। इसी प्रकार सिविल अस्पताल इंदौरा में आठ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें छह विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। क्षेत्र के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी चिकित्सकों की नियुक्तियां की गई हैं, ताकि लोगों को घरद्वार के नजदीक बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि इंदौरा अस्पताल में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। अस्पताल में क्षय रोग की जांच के लिए भी अत्याधुनिक मशीन उपलब्ध करवाई गई है, जो आसपास के क्षेत्रों के स्वास्थ्य संस्थानों में भी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं एवं उपकरणों का विस्तार किया जाएगा।

इंदौरा में सुनी जनसमस्याएं

इससे पूर्व विधायक मलेंद्र राजन ने वन विभाग विश्राम गृह इंदौरा में लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत मलेन्द्राजन ने वन विश्राम गृह इंदोरा में अधिकारियों के साथ बैठक की तथा क्षेत्र में चल रहे विकासकार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को समयबद्ध उपयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story