आयुर्वेद हमारी प्राचीन धरोहर, जीवन संतुलन का विज्ञान : स्वास्थ्य मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
आयुर्वेद हमारी प्राचीन धरोहर, जीवन संतुलन का विज्ञान : स्वास्थ्य मंत्री


सोलन, 02 मार्च (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन धरोहर है और यह शरीर, मन व आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। वह ग्राम पंचायत सतडोल में 37.18 लाख रुपये से निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और 8.75 लाख रुपये से बने आंगनबाड़ी केंद्र के लोकार्पण के अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि जिला सोलन में 2 आयुर्वेदिक अस्पताल, 2 होम्योपैथिक अस्पताल (सोलन व नालागढ़) तथा 82 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र कार्यरत हैं, जहां आयुष विभाग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद न केवल रोगों का उपचार करता है, बल्कि उनकी रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली पर भी बल देता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य स्तरीय अभियान के तहत अगले तीन माह में 14 वर्ष की 6 हजार बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा, जिसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला में आईसीडीएस के अंतर्गत 1281 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 6,13,173 लाभार्थियों को सेवाएं दी जा रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने सामुदायिक भवन की दूसरी मंजिल के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Share this story