आगामी शहरी निकायों के निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 20 मार्च (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने आगामी शहरी निकायों के निर्वाचन के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शहरी स्थानीय निकायों की मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन कार्यक्रम जारी किया है।

अधिसूचना के अनुसार मतदाता सूची में पात्र व्यक्ति के पंजीकरण के लिए अर्हता तिथि 01 अप्रैल, 2026 निर्धारित की गई है और उन पंचायतों की मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन करने के निर्देश दिए गए है जो सृजन, पुनर्गठन अथवा विभाजन से अप्रभावित रही हैं और जिनकी अंतिम मतदाता सूचियां प्रपत्र 15 पर पहले ही प्रकाशित हो चुकी हैं।अधिसूचना के अनुसार पुनरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष दावे और आपत्तियां जमा करने की तिथि 28 मार्च, 2026 निर्धारित की गई है।

संशोधन प्राधिकारी द्वारा दावों और आपत्तियों का निपटारा 02 अप्रैल, 2026 तक किया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील 10 अप्रैल, 2026 तक प्रस्तुत करनी होगी। अपीलीय प्राधिकारी द्वारा अपीलों का निपटारा 17 अप्रैल, 2026 तक किया जाएगा। पूरक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 20 अप्रैल, 2026 को या उससे पूर्व किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story