आंजभोज की धरती से कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, पंचायत चुनाव में भी दिखेगा असर : हर्षवर्धन चौहान

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 23 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आंजभोज क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में हुए नगर निगम चुनावों में कांग्रेस को भारी जनसमर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि करीब 70 प्रतिशत वोट कांग्रेस के पक्ष में आए हैं और निश्चित तौर पर इसका असर अब पंचायत चुनावों में भी देखने को मिलेगा।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान आज आंजभोज क्षेत्र के राजपुर पहुंचे, जहां ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ ने कार्यक्रम को पूरी तरह चुनावी शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आंजभोज की जनता का प्यार हमेशा उनके दिल में बसता है और यहां उमड़ी भीड़ साफ संकेत दे रही है कि सतोन वार्ड नंबर-6 से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय है। उन्होंने दावा किया कि सिरमौर में कांग्रेस का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और शिलाई क्षेत्र में चार की चार सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story