चुनावी दौर: देवता के आर्शीवाद के बाद शुरू किया चुनावी अभियान
मंडी, 14 मई (हि.स.)। मंडी जिला परिषद चुनाव के लिए नाम वापस लेने की प्रक्रिया अभी थमी नहीं कि प्रत्याशियों ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में जिला परिषद वार्ड कटौला -वार्ड नंबर 8 से प्रत्याशी दीपक शर्मा ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर अपना जनसंपर्क अभियान तेज किया।
दीपक शर्मा ने बताया कि उन्होंने कटिंडी पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव बासा धार शांघली में स्थित देव अर्जिया पाल, अजय पाल के दरबार में शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि भगवान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और अपनी विजय के लिए मंगल कामना की है। मंदिर में दर्शन और देवता का आशीर्वाद प्राप्त करने के उपरांत स्थानीय ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया।
उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और युवाओं से चर्चा की। दीपक शर्मा ने कहा कि वे भाजपा की ओर से अधिकृत उम्मीदवार हैं और लोगों से आगामी चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता का हर एक वोट क्षेत्र के विकास और खुशहाली का आधार बनेगा।
देव अर्जिया पाल -अजय पाल का आशीर्वाद और जनता का अटूट विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

