दोस्त को बचाने के लिए व्यास नदी में कूदा युवक, खुद डूबकर गंवाई जान
कुल्लू, 06 जून (हि.स.)। भुंतर के समीप व्यास नदी में एक हृदयविदारक हादसे में 21 वर्षीय युवक ने अपने साथी की जान बचाने के प्रयास में खुद अपनी जान गंवा दी। जानकारी के अनुसार पंजाब से कुछ युवक अपने रिश्तेदारों के पास भुंतर घूमने आए हुए थे। शुक्रवार शाम वे व्यास नदी के किनारे फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा।
अपने साथी को संकट में देख स्थानीय युवक सुमित (21) पुत्र रवि निवासी भुंतर बिना देर किए उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। हालांकि, बचाव के दौरान नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण सुमित खुद पानी में बह गया।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद डूब रहे युवक गौरव (17) पुत्र गुरपाल, निवासी लुधियाना (पंजाब) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गौरव को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा लापता युवक की तलाश शुरू की गई। शनिवार सुबह सुमित का शव नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि सुमित की नदी में डूबने से मौत हो गई।
प्रशासन और पुलिस ने पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों से व्यास तथा पार्वती नदी के किनारों पर सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों में पहाड़ों पर बर्फ पिघलने के कारण नदियों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में नदी किनारे जाने, सेल्फी लेने या पानी के करीब जाने से बचना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

