सड़क हादसे में युवक की मौत
नाहन, 02 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर जिले के नारीवाला में बुधवार बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चांदनी पंचायत के प्रधान यशपाल से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब 10:15 बजे नारीवाला स्थित एक चाऊमीन-मोमो की दुकान के समीप हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान सामने से आ रही कार और बाइक की टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक विशाल ठाकुर (पुत्र जय पाल ठाकुर) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए नाहन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 21 साल के होनहार विशाल ठाकुर के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे कठवार और चांदनी क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि हादसे के सही कारणों और गाड़ियों की स्थिति का सटीक पता लगाने के लिए पुलिस घटना स्थल के आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

