ओमान तट के निकट जहाज पर हमले में हमीरपुर के युवा नाविक आदित्य शर्मा का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 11 जून (हि.स.)। ओमान तट के निकट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में एक तेल टैंकर पर हुए हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के युवा नाविक आदित्य शर्मा का दुखद निधन हो गया। 23 वर्षीय आदित्य शर्मा हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के समीप सिमला दा ग्रां गांव के निवासी थे और मर्चेंट नेवी में डेक कैडेट के रूप में कार्यरत थे।

घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने स्थानीय विधायक और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर से आदित्य के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द हिमाचल लाने की गुहार लगाई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आदित्य शर्मा एक होनहार युवा थे और कर्तव्य का निर्वहन करते हुए उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस मामले को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं तथा पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी आदित्य शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

परिजनों ने सरकार से मांग की है कि आदित्य के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव पहुंचाया जाए ताकि अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story