नीट पेपर लीक मामले पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
नीट पेपर लीक मामले पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका


नाहन, 11 जून (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर वीरवार को जिला मुख्यालय नाहन में यूथ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर में आक्रोश रैली निकाली और दिल्ली गेट के समीप शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मीडिया से बातचीत करते हुए जिला सिरमौर यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अरुण ठाकुर तथा कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल और आर्यन ने कहा कि देश में बेरोजगार युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं और अब नीट पेपर लीक प्रकरण ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी गंभीर घटनाओं के बावजूद केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बावजूद वह अभी तक पद पर बने हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेपर लीक के बाद शिक्षा मंत्री को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यूथ कांग्रेस हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश में केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेगी। साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री से युवाओं से माफी मांगने और तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story