युवाओं और छात्रों के खिलाफ गई टिप्पणी के विरोध में युकां ने फूंका कंगना का पुतला

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं और छात्रों के खिलाफ गई टिप्पणी के विरोध में युकां ने फूंका कंगना का पुतला


मंडी, 04 अगस्त (हि.स.)। मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत का विरोध अब अपने ही गृहक्षेत्र में होने लगा है। उनके द्वारा दिल्ली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले युवाओं और छात्रों पर की गई गटर छाप टिप्पणी को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को मंडी में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने डी.सी. कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए सांसद कंगना रनौत का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन से पूर्व गांधी भवन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हिमाचल प्रदेश सहप्रभारी ज्योतिष की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक के तुरंत बाद कार्यकर्ताओं ने शहर में रोष रैली निकाली, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई डी.सी. कार्यालय पहुंची। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ज्योतिष ने स्पष्ट किया कि कंगना रनौत के विवादित बयान के खिलाफ पूरे हिमाचल प्रदेश में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।

मंडी जिला प्रभारी व राज्य उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि सांसद जब भी हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आएंगी, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से उनका घेराव करेंगे।युवा कांग्रेस नेता तरूण ठाकुर ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मंडी से भाजपा सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि युवाओं का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा कि मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत संसद और संसद के बाहर अपनी अभद्र भाषा और बेतुकी टिप्पणियों की वजह से देवभूमि हिमाचल विशेषकर मंडी संसदीय क्षेत्र का नाम बदनाम कर रही है। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत इस तरह की ब्यानबाजी कर सुर्खियों में रहना चाहती हैं। लेकिन उनके इस आचरण से मंडी संसदीय क्षेत्र के लोग भी आहत हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story