ढालपुर मैदान में 500 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
ढालपुर मैदान में 500 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास


कुल्लू, 21 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुल्लू में एक भव्य और गरिमामयी योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर रथ मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां 500 से अधिक स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और योग साधकों ने एक साथ मिलकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

आयुष विभाग के अनुभवी योग प्रशिक्षकों की देखरेख में उपस्थित जनसमूह ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर मानसिक व शारीरिक कल्याण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि सुंदर सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में उपस्थित जनसमूह को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समृद्ध कला है। यह हमारे शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में पिरोता है।

आज के दौर में जब हमारी युवा पीढ़ी मानसिक तनाव और नशे जैसी गंभीर बुराइयों की ओर आकर्षित हो रही है, ऐसे में योग एक सुरक्षा कवच की तरह काम कर सकता है। एक नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को हर घर और हर व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बनाना अनिवार्य है।

विधायक ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को योग, खेलकूद तथा सकारात्मक कार्यों में लगाएं। उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर नागरिक प्रतिदिन योग को अपनाए, तो हम न केवल एक स्वस्थ कुल्लू, बल्कि एक नशामुक्त और सशक्त हिमाचल प्रदेश का निर्माण कर सकते हैं।

आयुष विभाग द्वारा ताड़ासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान का विशेष अभ्यास कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story