योग दिवस : हिमाचल में हजारों लोगों ने किया योग, राज्यपाल से लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू और सांसद भी हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
योग दिवस : हिमाचल में हजारों लोगों ने किया योग, राज्यपाल से लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू और सांसद भी हुए शामिल


शिमला, 21 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य के विभिन्न जिलों में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम हमीरपुर जिले के अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने योगाभ्यास में भाग लेने के साथ लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया।

वहीं सिरमौर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम नाहन के ऐतिहासिक पक्का तालाब परिसर में आयोजित हुआ। आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ योग किया। कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, नाहन के कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के कई देश भारत का अनुसरण करते हुए योग को अपना रहे हैं।

राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ उनकी पत्नी बिंदु गुप्ता भी मौजूद रहीं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारी, छात्र, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, पर्यटक और आम लोग भी योगाभ्यास में शामिल हुए।

इस अवसर पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि योग भारत की परंपरा और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है और यह भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मन का आधार होता है।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है। स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच एक मजबूत समाज की नींव हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ स्वास्थ्य, अनुशासन और नशामुक्त समाज को बढ़ावा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

रिज मैदान पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के योग विभाग ने योग प्रदर्शन का संचालन किया। प्रशिक्षकों ने हजारों प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।

उधर कुल्लू जिले में भुंतर हवाई अड्डे पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story