शिमला : भाजपा ने मनाया योग दिवस, योग को जीवनशैली बनाने का आह्वान,
शिमला, 21 जून (हि.स.)। शिमला के उपनगर संजौली में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टीस संजौली मंडल की ओर से योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, संजीव देशटा, मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान सहित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग संस्थान से आए प्रशिक्षकों ने किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ जीवन का मजबूत आधार भी है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है, जिसे दुनिया भर में स्वीकार किया जा रहा है।
संजीव कटवाल ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे 177 देशों का समर्थन मिला। इसके बाद 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। उन्होंने कहा कि आज 190 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है और योग वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रखी गई है। यह विषय इस बात पर जोर देता है कि योग व्यक्ति को जीवन के हर चरण में शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित बनाए रखने में मदद करता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मक सोच विकसित होती है।
कटवाल ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग का महत्व और बढ़ गया है। योग न केवल लोगों को बीमारियों से बचाने में मदद करता है, बल्कि अनुशासित और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ तथा सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

