3 दिसम्बर को ऊना में आयोजित होगा राज्य स्तरीय यशपाल जयंती समारोह
शिमला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के महान साहित्यकारों की जयंती मनाए जाने की परंपरा के तहत इस वर्ष सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी, साहित्यकार एवं उपन्यासकार यशपाल की जयंती 3 दिसम्बरको राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी। समारोह का आयोजन लता मंगेशकर कला केन्द्र, समूरकलां, जिला ऊना में किया जा रहा है।
विभाग के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 3 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे होगा। रवीन्द्र भारती विश्वविद्यालय, कोलकाता के इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. हितेन्द्र पटेल ‘यशपाल की राजनीतिक दृष्टि’ विषय पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे, जिसके बाद आमंत्रित विद्वानों द्वारा विषय पर चर्चा की जाएगी।
युवा पीढ़ी को यशपाल के क्रांतिकारी व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान से अवगत कराने के उद्देश्य से ऊना जिला तथा आसपास के महाविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के लगभग 500 विद्यार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
दोपहर 2 बजे राज्य स्तरीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर के लगभग 50 कवि और लेखक भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा यशपाल के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित एक छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
भाषा एवं संस्कृति विभाग की निदेशक रीमा कश्यप ने बताया कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी यशपाल एक उत्कृष्ट कहानीकार और उपन्यासकार थे। उनकी रचनाओं का मराठी, गुजराती, तमिल, तेलुगु, मलयालम, अंग्रेज़ी, रूसी और फ़्रेंच सहित कई भाषाओं में अनुवाद हुआ है। उनके 50 से अधिक कहानी-संग्रह, उपन्यास, लेख-संग्रह, नाटक और जेल संस्मरण प्रकाशित हो चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

