शिमला : गलत पार्किंग को लेकर ट्रैफिक पुलिस से कहासुनी, महिला ने मांगी लिखित माफ़ी
शिमला, 04 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच कहासुनी होती दिखाई दे रही है। यह घटना शुक्रवार की है।
इस मामले में शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में दिख रही घटना गलत तरीके से खड़ी गाड़ी के कारण हुई थी। इससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित हुआ। इस घटना के बाद महिला ने लिखित में ट्रैफिक पुलिस कर्मी से माफी मांगी है।
पुलिस के अनुसार एक महिला और एक पुरुष अस्थायी नंबर वाली गाड़ी से बालूगंज की ओर जा रहे थे। घोड़ा अस्पताल के पास वाहन को सड़क पर ही खड़ा कर दिया गया। इस दौरान पुरुष आजीविका भवन से बर्गर लेने चला गया, जबकि महिला गाड़ी में ही बैठी रही। वाहन सड़क पर इस तरह खड़ा होने से ट्रैफिक बाधित हो रहा था।
इसी दौरान वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने महिला से गाड़ी हटाने और सही जगह पर खड़ी करने को कहा। इस बात को लेकर महिला और पुलिसकर्मी के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस का कहना है कि इस दौरान महिला का व्यवहार कुछ समय के लिए उग्र हो गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हालांकि बाद में महिला ने अपने व्यवहार के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी से लिखित रूप में माफ़ी मांगी और माना कि उसका व्यवहार गलत और गैर-जिम्मेदाराना था। पुलिस ने कहा कि मामले को समझदारी से सुलझा लिया गया है।
शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें, जिससे सभी लोगों को यातायात में अनावश्यक परेशानी न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

