विश्व पृथ्वी दिवस : नौनिहालों ने पेंटिंग से दिया पृथ्वी बचाने का संदेश
मंडी, 22 अप्रैल (हि.स.)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला छाणंग में चित्रकला का आयोजन
शिक्षा खंड द्रंग-1 की राजकीय प्राथमिक पाठशाला छाणंग में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस धूमधाम से मनाया गया। नौनिहालों ने पेंटिंग व स्लोगन के माध्यम से अधिक से अधिक पेड़ लगाने व पृथ्वी को बचाने का संदेश दिया। शिक्षक प्यार चंद सकलानी ने नौनिहालों को पृथ्वी दिवस से संबंधित अनेक जानकारी मुहैया करवाई।
उन्होंने कहा कि विश्व पृथ्वी दिवस हर साल 22 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी को बचाने के लिए जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी दिवस की शुरुआत 22 जुलाई सन 1970 में अमेरिका में हुई थी और वर्ष 2026 की थीम हमारी शक्ति हमारा ग्रह है जो स्वच्छ ऊर्जा और सामूहिक भागीदारी पर जोर देती है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी दिवस का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, जैव विविधता के नुकसान और वनों की कटाई जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
प्यार चंद सकलानी ने कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि पर्यावरण को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर स्कूल के प्रभारी शंकर देव ने भी पृथ्वी दिवस पर प्रकाश डाला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

